अवैध महुआ शराब के खिलाफ चिरमिरी पुलिस की लगातार कार्रवाई, 10 दिनों में 8 आरोपी गिरफ्तार, 32 लीटर महुआ शराब बरामद।
अवैध महुआ शराब के खिलाफ चिरमिरी पुलिस की लगातार कार्रवाई, 10 दिनों में 8 आरोपी गिरफ्तार, 32 लीटर महुआ शराब बरामद।
अवैध महुआ शराब के खिलाफ चिरमिरी पुलिस की लगातार कार्रवाई, 10 दिनों में 8 आरोपी गिरफ्तार, 32 लीटर महुआ शराब बरामद।

समाचार एमसीबी/चिरमिरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चिरमिरी पुलिस ने अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 10 दिनों के भीतर 8 अलग-अलग मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6,400 रुपये बताई गई है।
यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी के पर्यवेक्षण में थाना चिरमिरी एवं चौकी कोरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लगातार दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की सक्रियता के चलते अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सतनी निवासी गैयालाल के कब्जे से 4 लीटर, विजय कुमार खैरवार से 4.5 लीटर, गोंदला दफाई हल्दीबाड़ी निवासी सीता बखला से 4 लीटर, ईटवा दफाई निवासी सुनीन से 4 लीटर, मितानिया नगर कोरिया कॉलरी निवासी सरिता अहिरवार से 4 लीटर, डोगनहिल निवासी प्रमाबाई से 4 लीटर, दलगजन दफाई निवासी हरिश्चंद्र केवट से 3 लीटर तथा एक अन्य आरोपी के कब्जे से 4 लीटर महुआ शराब बरामद की। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
इस सफल अभियान में थाना चिरमिरी एवं चौकी कोरिया के अधिकारियों और पुलिस जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
राकेश सिंह की रिपोर्ट