हत्या के मामले में कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार।
हत्या के मामले में कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार।
हत्या के मामले में कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम, वारदात में इस्तेमाल डंडे जब्त।
समाचार जिला एमसीबी के मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में की गई।

मामले की जानकारी के अनुसार, ग्राम कठौतिया निवासी प्रमिला गोंड ने थाना कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की रात करीब 1 बजे उसका पति राजकुमार गोंड शराब के नशे में घर से निकल गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह उसकी तलाश में ग्राम बिछली पहुंची। वहां रात लगभग 3 बजे उसने अपने पति को सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया।

जांच में सामने आया कि ग्राम बिछली के कुछ लोगों ने राजकुमार गोंड पर चोरी का शक जताते हुए उसे रोक लिया था। इसी दौरान गजरूप सिंह और उसके साथियों ने अभद्र गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा डंडों से बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची प्रमिला गोंड को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। राजकुमार गोंड की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 18 जून 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे उसकी मौत हो गई।
मृत्यु के बाद पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय दस्तावेजों के आधार पर मामले में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना तेज कर दी। जांच के दौरान गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट हुई। पुलिस ने आरोपी गजरूप सिंह और मनोज सिंह के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडे भी बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में गजरूप सिंह (68 वर्ष), मनोज सिंह (40 वर्ष) और कौशल सिंह (40 वर्ष), सभी निवासी बिछली पटेलपारा, थाना मनेन्द्रगढ़, जिला एमसीबी शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी टीआई विवेक पाटले सहित उप निरीक्षक मनीष, उप निरीक्षक सोमी वर्मा, एएसआई शोभराम लकड़ा, एएसआई अभिषेक पाण्डेय, हेड कांस्टेबल प्रिन्स राय तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विवाद, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
राकेश सिंह की रिपोर्ट