मोबाइल विवाद बना मौत की वजह: पत्नी-बेटी ने मिलकर की हत्या, 3 गिरफ्तार
मोबाइल विवाद बना मौत की वजह: पत्नी-बेटी ने मिलकर की हत्या, 3 गिरफ्तार

मोबाइल विवाद बना मौत की वजह: पत्नी-बेटी ने मिलकर की हत्या, 3 गिरफ्तार
रायपुर | 15 अप्रैल 2026
रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी, पुत्री और एक नाबालिग बालिका को गिरफ्तार किया गया है। हत्या की वजह एक मामूली पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है, जो मोबाइल देखने को लेकर हुआ था।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2025 को वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटें पाई गईं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि हत्या थी।
जांच में खुला बड़ा राज
डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन और एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण में एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच की। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जब मृतक की पत्नी और बेटी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों ने बताया कि 27 सितंबर 2025 की रात करीब 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी, बेटी और नाबालिग ने मिलकर लकड़ी के बैट और ईंट से मृतक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने खून के निशान साफ किए और वारदात में इस्तेमाल लकड़ी और ईंट को पास के नाले में फेंक दिया। साथ ही परिवार के अन्य लोगों को गुमराह करने के लिए यह कहानी बनाई कि मृतक बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गया था।
मामला दर्ज
इस संबंध में थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
श्रीमती दीपा भारती गोस्वामी (44 वर्ष)
तनिया भारती गोस्वामी (19 वर्ष)
एक नाबालिग बालिका
पुलिस ने सभी आरोपियों को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।